CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर को भारत से डिपोर्ट कर दिया गया है। दुर्ग पुलिस ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सहयोग से यह कार्रवाई 23 अक्टूबर 2026 को पश्चिम बंगाल में की। पुलिस के अनुसार, जिले में विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान रीना अख्तर के भारत में अवैध रूप से निवास करने की जानकारी सामने आई थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें नियमानुसार देश से वापस भेजा गया।
पश्चिम बंगाल भेजी गई थी दुर्ग पुलिस की STF टीम
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रीना अख्तर से संबंधित मामला सामने आया। मामले में आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दुर्ग पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। वहां केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई। IB और BSF के सहयोग से 23 अक्टूबर को रीना अख्तर को निर्धारित प्रक्रिया के तहत भारत से डिपोर्ट किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई को विदेशी नागरिकों के अवैध निवास से जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
आधार और राशन कार्ड की भी होगी जांच
पुलिस की कार्रवाई केवल डिपोर्ट करने तक सीमित नहीं है। संबंधित महिला द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड और अन्य भारतीय दस्तावेज प्राप्त किए जाने के मामले में भी सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन दस्तावेजों की जांच के लिए संबंधित विभागों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। दस्तावेजों के नियमानुसार निरस्तीकरण पर भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसका उद्देश्य कथित रूप से अवैध तरीके से प्राप्त दस्तावेजों के संभावित दुरुपयोग को रोकना और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका कम करना है।

विदेशी नागरिकों के सत्यापन पर पुलिस का जोर
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों की पहचान, उनके दस्तावेजों की जांच और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर वैधानिक कार्रवाई लगातार की जा रही है। ऐसे मामलों में केंद्रीय एजेंसियों की मदद भी ली जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी संदिग्ध विदेशी नागरिक के अवैध निवास या फर्जी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। प्राप्त सूचना का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध प्रवासियों से संबंधित सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर: 1800-233-1905
