रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों में टिकट लेने के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 29 जनवरी 2026 को रिसामा स्टेशन पर विशेष एंबुश टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर सही कोच में यात्रा करने के लिए प्रेरित करना तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
154 बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया जुर्माना
एंबुश टिकट चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा करने के 154 मामलों में कार्रवाई की गई, जिनसे ₹45,525 का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त धूम्रपान के एक मामले में ₹200 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 155 मामलों में ₹45,725 का राजस्व रायपुर रेल मंडल को प्राप्त हुआ।
लोकल ट्रेनों और स्टेशन परिसर में सघन जांच
यह जांच रिसामा स्टेशन पर चलने वाली लोकल ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में की गई। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अविनाश कुमार आनंद, 03 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 01 वाणिज्य निरीक्षक, 01 उप स्टेशन प्रबंधक सहित कुल 14 टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल रहे।
रेल प्रशासन की यात्रियों से अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व उचित टिकट एवं स्टेशन में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। साथ ही रेलगाड़ी एवं रेल परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके।
