CG Prime News@दिल्ली. No Kings’ Rally Against President Trump in the US ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने ही देश में घिरते नजर आ रहे हैं। शनिवार को अमेरिका (america president donald trump) में राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ हुए नो किंग्स रैली का आयोजन किया गया। जिसमें देशभर के 80 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, पूरे अमेरिका के सभी 50 राज्यों में ट्रंप के नीतियों के खिलाफ 3,300 से ज्यादा जगहों पर ये प्रदर्शन आयोजित किए गए।

अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ नो किंग्स रैली, 80 लाख लोगों ने किया प्रदर्शन
पद से हटाने की मांग की
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे ट्रम्प सरकार की कई नीतियों से नाराज हैं। उनका गुस्सा खास तौर पर ईरान के साथ बढ़ते तनाव, सख्त इमिग्रेशन कार्रवाई और बढ़ती महंगाई को लेकर है। कई जगहों पर लोगों ने ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के खिलाफ पोस्टर दिखाए और उन्हें पद से हटाने की मांग की। मिनेसोटा राज्य में डेमोक्रेट नेता बर्नी सैंडर्स ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि राजनीति में अमीर लोगों का असर बढ़ता जा रहा है। मिनेसोटा राज्य में अमेरिकी सांसद इल्हान उमर ने ट्रम्प के खिलाफ “नो किंग्स” रैली में लोगों को संबोधित किया।
पिछले रैलियों से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा
नो किंग्स रैली के आयोजकों ने बताया कि अक्टूबर में हुए पिछले नो किंग्स प्रदर्शनों की तुलना में इस बार करीब 10 लाख ज्यादा लोग शामिल हुए और लगभग 600 ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रदर्शन से लोगों को फर्क नहीं पड़ता
व्हाइट हाउस ने इन प्रदर्शनों को ‘थेरेपी सेशन’ बताते हुए कहा कि आम लोगों को इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता। वहीं ट्रम्प का कहना है कि उनके फैसले देश को मजबूत बनाने के लिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे ‘राजा’ नहीं हैं और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी ट्रम्प के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली है। पेरिस, लंदन और लिस्बन जैसे शहरों में भी लोगों ने सड़कों पर उतरकर ट्रम्प के खिलाफ प्रदर्शन किया और उन्हें पद से हटाने की मांग की।
