Saturday, October 24, 2026
Home » Blog » OMG! दुर्ग में चुनाव ऑफिस से 10 मतपेटी चुराकर चोर ने कबाड़ी को बेचा

OMG! दुर्ग में चुनाव ऑफिस से 10 मतपेटी चुराकर चोर ने कबाड़ी को बेचा

दुर्ग के स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां गायब होने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
दुर्ग में चुनाव ऑफिस से 10 मतपेटी चुराकर चोर ने कबाड़ी को बेचा

CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से मतपेटियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी करने वाला 22 वर्षीय युवक और चोरी की मतपेटियां खरीदने वाला 65 वर्षीय कबाड़ी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा, नकदी और छह मतपेटियां जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 76,200 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

चुनावी ड्यूटी के दौरान सामने आई चोरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन कार्य की तैयारी के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने एक व्यक्ति को पेटी ले जाते हुए देखने की सूचना दी। इसके बाद संबंधित कार्यालय और स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी गोदाम में जांच की गई। जांच के दौरान 10 मतपेटियां गायब मिलीं, जिनकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये थी।

मामले में उप जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 602/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) और 305(e) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।


पूछताछ में युवक ने बताई चोरी की बात

विवेचना के दौरान पुलिस को युशु यादव नाम के युवक पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने मतपेटियां चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा और 200 रुपये नकद जब्त किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि चोरी की मतपेटियां उसने दुर्ग के गयानगर इलाके में रहने वाले देवानंद सोनी की कबाड़ी दुकान पर बेची थीं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने कबाड़ी से पूछताछ की और उसके कब्जे से छह मतपेटियां बरामद कीं।

76,200 रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस की कार्रवाई में छह मतपेटियां, ई-रिक्शा और नकदी जब्त की गई। जब्त सामग्री में मतपेटियों की कीमत 6,000 रुपये, ई-रिक्शा की कीमत 70,000 रुपये और नकदी 200 रुपये शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युशु यादव, निवासी मिलपारा, दुर्ग और देवानंद सोनी, निवासी गयानगर, वार्ड नंबर 3, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

You may also like