CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए बड़ी राशि के विकास कार्यों की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 8 अक्टूबर को जिले के लिए 218 करोड़ 48 लाख 29 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें करीब 1.22 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और 217 करोड़ 25 लाख 73 हजार रुपए की लागत वाले 23 प्रमुख कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं के जरिए सड़क, सरकारी भवन, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
सड़कों और सरकारी भवनों पर करोड़ों का निवेश
लोक निर्माण विभाग के माध्यम से दुर्ग जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं शुरू होंगी। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा तक राज्य मार्ग-22 पर करीब 5 किलोमीटर फोरलेन निर्माण के लिए 30.20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
अहिवारा में कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग के 27/6 किलोमीटर तक चौड़ीकरण और मजबूतीकरण पर 24.06 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पाटन क्षेत्र में भिलाई-सिरसा-औंधी-औरी-मोतीपुर मार्ग के 15.50 किलोमीटर हिस्से के लिए 15.03 करोड़ रुपए की परियोजना शामिल है।

दुर्ग शहर में शासकीय पॉलिटेक्निक के ऑफिस ब्लॉक, सीसी रोड, दिव्यांग शौचालय और सिविल विंग विस्तार के लिए 8.86 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं दुर्ग ग्रामीण में लाइवलीहुड कॉलेज भवन के निर्माण पर 4.11 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
जलाशयों और नहरों के जीर्णोद्धार पर जोर
सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए जिले के विभिन्न जलाशयों और नहर प्रणालियों के सुधार कार्य भी किए जाएंगे। पाटन की सुरपा व्यपवर्तन योजना के जीर्णोद्धार और नहर रीमॉडलिंग के लिए 2.23 करोड़ रुपए स्वीकृत हैं। अहिवारा क्षेत्र में मोहंदी, कपसदा और नंदौरी जलाशयों के जीर्णोद्धार व नहर लाइनिंग पर क्रमशः 4.96 करोड़, 4.57 करोड़ और 4.77 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। दुर्ग ग्रामीण में तिरगा, गनियारी और रिसाली उमरपोटी जलाशयों के सुधार कार्य भी प्रस्तावित हैं।


दुर्ग जिले को 218 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन
मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को भी मिलेगी सुविधा
चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए दुर्ग शहर में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थियों के हॉस्टल के निर्माण पर 16.16 करोड़ रुपए और जिला अस्पताल परिसर में शासकीय जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र के लिए 11.96 करोड़ रुपए की परियोजना शुरू की जाएगी।
बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए नए उपकेंद्र
पाटन विधानसभा क्षेत्र में विद्युत ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए जामगांव (आर) में 132/33 केवी उपकेंद्र के निर्माण पर 25.83 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा पाटन-जामगांव (आर) 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के लिए 14 करोड़ रुपए तथा पाटन उपकेंद्र में दो अतिरिक्त 132 केवी बे के लिए 2.50 करोड़ रुपए की परियोजना शामिल है।
ITI दुर्ग के उन्नयन का लोकार्पण
कार्यक्रम में दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के आईटीआई दुर्ग के उन्नयन कार्य का भी लोकार्पण किया गया। यह कार्य सिडबी क्लस्टर डेवलपमेंट फंड से कराया गया है, जिसकी स्वीकृत लागत 122.56 लाख रुपए है। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क और ऊर्जा क्षेत्र की सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
