CG Prime News@रायपुर. BJP Chhattisgarh Chhattisgarh state incharge Smriti Irani भारतीय जनता पार्टी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया है। बुधवार, 23 सितंबर 2026 को जारी नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें हरियाणा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी बनाया गया है।
स्मृति ईरानी को दो राज्यों की जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महासचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। छत्तीसगढ़ और हरियाणा दोनों राज्यों में पार्टी संगठन से जुड़े कामकाज और केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय की जिम्मेदारी उनके पास होगी। भाजपा की ओर से जारी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
छत्तीसगढ़ में दूसरी महिला प्रदेश प्रभारी
स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनने वाली दूसरी महिला नेता हैं। इससे पहले डी. पुरंदेश्वरी इस जिम्मेदारी को संभाल चुकी हैं। छत्तीसगढ़ गठन के बाद भाजपा ने अलग-अलग समय पर कई वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है।

नितिन नबीन के बाद बदली जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ भाजपा के पिछले प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन थे। जनवरी 2026 में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके पास प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी नहीं रही। अब पार्टी ने स्मृति ईरानी को नई प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी नियुक्त कर संगठनात्मक जिम्मेदारी तय की है।
सरकार और संगठन में समन्वय पर रहेगा फोकस
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी की भूमिका संगठन और सरकार के बीच समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगी। नई टीम के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों को प्रदेश स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। भाजपा की नई सूची में कई राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी बदले गए हैं। सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल तथा हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रभार दिया गया है।

