CG Prime News@लुधियाना. panjab CM bhagwant mann पंजाब के लुधियाना में शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के सामने भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) के गेट के पास हुए प्रदर्शन के दौरान बिट्टू ने शराब की बोतल दिखाई और अंडे, टमाटर फेंके। । मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। घटना के बाद पंजाब की सियासत में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी टकराव और तेज हो गया है।
शराब की बोतल दिखाकर किया विरोध
रिपोर्टों के मुताबिक, बिट्टू ने मुख्यमंत्री के काफिले की ओर शराब की बोतल लहराते हुए इसे वापस करने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणी की। इसके बाद पुलिस ने बिट्टू को मौके से हिरासत में ले लिया।

सीएम के काफिले पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने फेंका अंडे, टमाटर, शराब की बोतल दिखाई

एक दिन पहले काफिले पर हमले का आरोप
बिट्टू ने अपने प्रदर्शन को शुक्रवार को बटाला के पास कथित तौर पर उनके काफिले पर हुए हमले से जोड़ते हुए कहा कि एक दिन पहले उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान वही चीजें वापस की गईं। बिट्टू ने आरोप लगाया कि इस घटना में वाहनों को नुकसान पहुंचा था और AAP से जुड़े लोगों की भूमिका थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
BJP बोली- लोकतांत्रिक तरीके से देंगे जवाब
बिट्टू ने कहा कि यदि AAP कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, रैलियों और यात्राओं का विरोध करेंगे तो भाजपा भी पंजाब सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। हिरासत में लिए जाने के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट से भी सरकार पर राजनीतिक आवाज दबाने का आरोप लगाया गया।

AAP के चुनावी अभियान के बीच प्रदर्शन
मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को लुधियाना में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे थे। उनका कार्यक्रम किसान मेले से जुड़ा था। इसी दौरान भाजपा नेता बिट्टू ने PAU के गेट के पास प्रदर्शन किया। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा और AAP के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
