CG Prime News@दिल्ली. Chamoli tunnel accident उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में गुरुवार शाम निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा भर जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 मजदूर अब भी टनल के भीतर फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया गया कि हादसे के समय टनल में कुल 22 लोग मौजूद थे। राहत और बचाव टीमों ने अब तक 12 मजदूरों को बाहर निकाल लिया है।
सांसद अनिल बलूनी की कार पर गिरा बोल्डर
हादसे में घायल लोगों से मिलने जा रहे गढ़वाल लोकसभा सीट के सांसद अनिल बलूनी की चलती कार पर भी पहाड़ से बोल्डर गिर गया। पत्थर गिरने से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और हेडलाइट टूट गई। हालांकि, इस घटना में सांसद या कार में मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में गंगा समेत कई नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। लखनऊ और बरेली समेत कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 15 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के 16 जिलों के 80 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। कानपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वहीं, वाराणसी में गंगा का पानी बढ़ने से घाट किनारे स्थित 100 से ज्यादा छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं।

हिमाचल में लैंडस्लाइड से रेल सेवा प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कांगड़ा में पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेल सेक्शन पर ट्रैक पर चट्टानें गिरने के बाद चार ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है।
दिल्ली में जलभराव, ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक छतरपुर में 24.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। संगम विहार और शनि बाजार रोड समेत कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी है और IMD ने कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

