Wednesday, July 8, 2026
Home » Blog » रायपुर की पिग आयरन फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत 

रायपुर की पिग आयरन फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत 

उरला क्षेत्र की थ्री डी इनोवेशन फैक्ट्री में हादसा, दो श्रमिकों की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम; सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@रायपुर· रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री रोड की थ्री डी इनोवेशन फैक्टरी में मंगलवार शाम बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। पिग आयरन (कच्चा लोहा) और फेरो-अलॉय निर्माण इकाई में काम के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी चपेट में आए तीन मजदूरों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री परिसर में बचाव कार्य शुरू किया गया।

दो मजदूरों की मौके पर मौत, एक ने रास्ते में तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। विस्फोट में दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य मजदूर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर को सुरक्षा के लिहाज से खाली कराया गया और जांच शुरू कर दी गई।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान जांजगीर-चांपा निवासी अरुण पांडे तथा मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के निवासी कोमल सिंह और लाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे। फैक्ट्री में नाबालिग मजदूर से काम कराने का भी मामला सामने आया है। जिसकी भी जांच की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही की होगी जांच

प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री में इस्तेमाल किए जा रहे ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

You may also like