Tuesday, June 30, 2026
Home » Blog » बिस्तर में सो रहे पिता और 4 साल की बेटी को जहरीले सांप ने डसा, दोनों की मौत

बिस्तर में सो रहे पिता और 4 साल की बेटी को जहरीले सांप ने डसा, दोनों की मौत

बारिश के बीच सरगुजा-बलरामपुर में बढ़े सर्पदंश के मामले, तीन दिनों में 6 लोगों की मौत; जमीन पर सो रहे लोगों को बना रहे सांप निशाना

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
बिस्तर में सो रहे पिता और 4 साल की बेटी को जहरीले सांप ने डसा, दोनों की मौत

CG Prime News@अंबिकापुर/सरगुजा. Father and daughter bitten by snake in Balrampur; both die सरगुजा संभाग में लगातार हो रही बारिश के बीच सर्पदंश की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मंगलवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दो अलग-अलग मामलों में एक व्यक्ति और एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं शंकरगढ़ अस्पताल में चार वर्षीय मासूम बच्ची ने भी दम तोड़ दिया। तीन दिनों के भीतर सरगुजा और बलरामपुर जिलों में सर्पदंश से छह लोगों की मौत होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

लखनपुर में करैत के काटने से किशोरी की मौत

सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकरिया में 13 वर्षीय आसमनी एक्का अपने मामा के घर आई हुई थी। सोमवार रात वह अपनी मौसी के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसे डस लिया। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो बिस्तर में सांप दिखाई दिया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर पहले उसे कुन्नी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पिता और बेटी को एक साथ डसा सांप

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डंभाटोली में सोमवार देर रात शनिचरा पैंकरा (36) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जमीन पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे जहरीला सांप बिस्तर पर चढ़ गया और शनिचरा तथा उनकी चार वर्षीय बेटी महंती को काट लिया। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन पहले झाड़-फूंक कराते रहे, लेकिन हालत गंभीर होने पर सुबह अस्पताल लेकर पहुंचे। शंकरगढ़ अस्पताल में बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि शनिचरा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

बारिश में बढ़ा खतरा, सतर्क रहने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान सांपों के बिलों में पानी भरने से वे रिहायशी इलाकों की ओर निकल आते हैं। जमीन पर सोने वाले लोगों में सर्पदंश का खतरा अधिक रहता है। विशेषज्ञों ने लोगों से जमीन पर न सोने, घर के आसपास साफ-सफाई रखने और सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने की अपील की है। झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार को ही सबसे सुरक्षित उपाय बताया गया है। बिस्तर में सो रहे पिता और 4 साल की बेटी को जहरीले सांप ने डसा, दोनों की मौत

You may also like