
CG Prime News@दुर्ग. PDS rice illegal transport accused arrested in durg दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के चावल के अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मालवाहक वाहन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन से 14 कट्टा सोसायटी का चावल बरामद किया है। मामले में खाद्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 24 जून को सूचना मिली थी कि सोसायटी का चावल एक नीले रंग के मालवाहक वाहन से अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने राजीव नगर ईमामबाड़ा के पास घेराबंदी कर बजाज मैक्सीमा मालवाहक वाहन (CG 07 CV 2329) को रोककर जांच की।
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर जब्ती
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें प्लास्टिक की बोरियों में भरा 14 कट्टा सोसायटी का चावल मिला। चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन और चावल को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

खाद्य विभाग के साथ जांच जारी
पुलिस ने बताया कि बरामद चावल के स्रोत, उसके परिवहन और संभावित अवैध कारोबार की जांच खाद्य विभाग के साथ मिलकर की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने आरोपी की पहचान सन्नी साव (28 वर्ष), निवासी पांच रास्ता, कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में की है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं PDS या सोसायटी के चावल के अवैध भंडारण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा खाद्य विभाग को दें। शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
