Friday, April 24, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, एक बेटा घायल

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, एक बेटा घायल

घर में घुसे तीन नकाबपोश बदमाश, बड़े बेटे को मारी पहले गोली मौके पर हुई मौत

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@जांजगीर चांपा. Congress leader son murder in Janjgir champa छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है। जहां पर गुरुवार रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है।

पूर्व ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष के घर हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना सीमेंट-रेत व्यवसायी और पूर्व ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर की है। रात करीब 12:00 बजे बदमाश घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। हमले के दौरान उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप उम्र 19 वर्ष को सिर और सीने में गोली लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

छोटा बेटा घायल

नकाबपोशों के हमले में घायल छोटे बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद विधायक विकास कश्यप और विधायक बालेश्वर साहू भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घर में घुसकर हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मौके पर पहुंची प्रभारी SP

ASP उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद प्रभारी SP निवेदिता पॉल साइबर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी के साथ आसपास के कैमरों की भी जांच कर रही है। अलग-अलग सड़कों पर नाकेबंदी की गई है। कॉल डिटेल के जरिए भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

रेत कारोबार को लेकर हत्या

इधर कांग्रेस नेता व आयुष के पिता कश्यप ने आरोप लगाया की रेत के कारोबार को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई है। उनका कहना है कि 19 साल का आयुष रेत का काम करता था और हाल ही में उसने हाईवा और जेसीबी खरीदे था। जिसके बाद से वह इस काम में एक्टिव था। मेरी तबीयत खराब रहती थी जिसके बाद आयुष ने ही रेत का काम संभाल लिया था।

50-60 कैश लेकर भागे

परिवार के लोगों ने बताया कि बदमाशों ने वारदात से पहले पीड़ित भाइयों के माता-पिता को कमरे में बंद कर दिया था। वह घर से 50-60 हजार रुपए कैश और 3 फोन लूटकर फरार हो गए। घायल नाबालिग का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक आयुष कश्यप BA एलएलबी सेकंड ईयर का छात्र था। वहीं आशुतोष कश्यप दसवीं का छात्र है। घटना के वक्त तीनों भाई बहन एक ही कमरे में सो रहे थे।

पहले भी लड़के आए थे भाई के बारे में पूछने

मृतक युवक की बहन और प्रत्यक्षदर्शी प्रेरणा कश्यप के मुताबिक तीन युवक आए। पहले उसके भाई आयुष को गोली मारी फिर 16 साल के छोटे भाई को भी निशाना बनाएं। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। वारदात के बाद आरोपी तीन मोबाइल और कुछ कैश लेकर फरार हो गए हैं। प्रेरणा ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी तीन युवक उसके भाई आयुष के बारे में पूछताछ करने आए थे।

You may also like