Friday, April 24, 2026
Home » Blog » भिलाई में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का नया जाल, बुजुर्ग महिला से 7 लाख की ठगी

भिलाई में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का नया जाल, बुजुर्ग महिला से 7 लाख की ठगी

भिलाई की 62 वर्षीय महिला से वीडियो कॉल, फर्जी FIR और कोर्ट दस्तावेज दिखाकर डराया; RTGS से अलग-अलग खातों में मंगवाए पैसे

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@भिलाई. Elderly Woman Duped of 7 Lakhs in Bhilai Through ‘Digital Arrest दुर्ग जिले के भिलाई के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां ठगों ने “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाकर एक 62 वर्षीय महिला से 7 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने चौकी स्मृतिनगर में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीडियो कॉल पर खाकी वर्दी में आए ठग

आवेदन के अनुसार, 13 मार्च 2026 को पीड़िता के मोबाइल पर वीडियो कॉल आया। जिसमें 5-7 लोग पुलिस की वर्दी में दिखाई दिए। इनमें से एक ने खुद को “संदीप राव, मुंबई क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर” बताया। ठगों ने महिला पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए घर की तलाशी और जेल भेजने की धमकी दी।

फर्जी दस्तावेज दिखाकर बनाया दबाव

ठगों ने व्हाट्सएप पर कथित FIR, सुप्रीम कोर्ट के दस्तावेज और जुर्माने की नोटिस भेजकर महिला को मानसिक रूप से भयभीत किया। साथ ही यह भी कहा कि यदि किसी परिजन को जानकारी दी गई तो जेल जाना पड़ेगा। डर के कारण महिला ने किसी को जानकारी नहीं दी।

RTGS से 7 लाख रुपये की ठगी

16 और 17 मार्च को महिला ने अपने SBI खाते से अलग-अलग खातों में कुल 7 लाख रुपये RTGS के माध्यम से ट्रांसफर किए। पहले 3 लाख रुपये और बाद में सोना गिरवी रखकर 4 लाख रुपये भेजे गए। ठगों ने जांच के बाद पैसे वापस करने का झांसा दिया।

घर पहुंचकर भी बनाया दबाव

हैरानी की बात यह है कि 17 मार्च की शाम दो युवक और एक युवती महिला के घर पहुंचे। उन्होंने तलाशी का हवाला देकर 4 लाख रुपये की मांग की और सोना गिरवी रखकर पैसे भेजने को कहा। CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद वे स्पष्ट रूप से नजर नहीं आए।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल अब कॉल डिटेल्स, बैंक खातों और डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

You may also like