CG Prime News@दुर्ग. hemchand yadav university हेमचंद यूनिवर्सिटी दुर्ग में बीकॉम फाइनल ईयर के इंग्लिश पेपर में पुराने सिलेबस से प्रश्न पूछने पर बवाल हो गया है। छात्रों ने इंग्लिश के पर्चे पर सवाल खड़े करते हुए यूनिवर्सिटी प्रबंधन के सामने नाराजगी जाहिर की। सेामवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुर्ग (ABVP Durg) के कार्यकर्ताओं ने हेमचंद यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन किया। वहीं कुलपति संजय तिवारी को ज्ञापन सौंपकर पुराने सिलेबस से प्रश्न पूछने पर आपत्ति जताते हुए बोनस अंक की मांग की है।
एक साल पहले बदल गया है सिलेबस
एबीवीपी के भिलाई नगर मंत्री आकाश कुमार ने बताया कि 28 मार्च को बीकॉम फाइनल ईयर का पर्चा हुआ था। इसमें जो प्रश्न पूछे गए थे वो पुराने सिलेबस के हिसाब से था। जबकि इस साल सिलेबस पूरी तरह बदल गया है। पांच यूनिट के पेपर में तीन यूनिट के प्रश्न पुराने सिलेबस का था। इसलिए एबीवीपी ने छात्रों के हित को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रबंधन से आपत्ति दर्ज कराते हुए बोनस अंक की मांग की है।
जांच कमेटी की जाएगी गठित
कुलपति संजय तिवारी ने भी एबीवीपी को आश्वासन देते हुए मामले को संज्ञान में लेकर कमेटी गठित करने की बात कही है। साथ ही कहा है कि छात्रों के भविष्य के लिए सही फैसला लिया जाएगा। छात्रों के हित में त्रुटि का समाधान किया जाए। इस अवसर पर अभाविप भिलाई नगर मंत्री आकाश कुमार, दुर्ग नगर मंत्री गजेंद्र साहू, कुणाल साहू, निमिष देवांगन, अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
