Friday, July 31, 2026
Home » Blog » शिक्षकों को बड़ी राहत, VSK ऐप की तकनीकी खामी होगी दूर, नहीं कटेगा वेतन

शिक्षकों को बड़ी राहत, VSK ऐप की तकनीकी खामी होगी दूर, नहीं कटेगा वेतन

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को दिया भरोसा, कहा- तकनीकी दिक्कतों का असर वेतन पर नहीं पड़ेगा; प्रदेश के करीब 85% शिक्षक रोज ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने VSK (वीएसके) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों की चिंताओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐप में तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। सरकार ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

15 अगस्त तक दूर होंगी तकनीकी समस्याएं

शिक्षा मंत्री ने कहा कि VSK ऐप में आ रही सभी तकनीकी खामियों को 15 अगस्त 2026 तक दूर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद ऐप पूरी तरह सुचारु रूप से कार्य करेगा और शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। सरकार लगातार तकनीकी टीम के साथ समन्वय कर सुधार कार्य कर रही है।

85 प्रतिशत शिक्षक नियमित लगा रहे ऑनलाइन अटेंडेंस

गजेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश में लगभग 1.75 लाख शिक्षक कार्यरत हैं। जिनमें से करीब 1.50 लाख शिक्षक प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यानी लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक नियमित रूप से डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने इसे शिक्षकों की जिम्मेदारी, अनुशासन और नई तकनीक को अपनाने की सकारात्मक सोच बताया।


शिक्षकों के सुझावों से होगा ऐप और बेहतर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को अधिक सरल, उपयोगी और प्रभावी बनाएगी। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई होती है तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

सरकार ने शिक्षकों से की यह अपील

मंत्री ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे पहले की तरह VSK ऐप का उपयोग जारी रखें। यदि ऐप से संबंधित कोई तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक सुधार करेगी ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा तकनीक-सक्षम बन सके।

You may also like