दुर्ग. छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत नवागढ़ उपसंभाग में “समाधान योजना 2026” के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। विद्युत संभाग बेमेतरा के अंतर्गत पांच वितरण केंद्रों में आयोजित इन शिविरों में कुल 236 उपभोक्ताओं ने पंजीयन कर योजना का लाभ लेने में रुचि दिखाई।
अधिकारियों ने की समीक्षा बैठक
शिविरों के सफल आयोजन के बाद कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता द्वारा नवागढ़ कार्यालय में मीटर रीडरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना का लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचाने और पंजीयन बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
गांव-गांव पहुंची योजना की जानकारी
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न ग्रामों में जाकर लोगों को जागरूक किया। अलग-अलग गांवों में अधिकारियों की मौजूदगी में शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी दी गई और उन्हें पंजीयन के लिए प्रेरित किया गया।
डोर-टू-डोर अभियान भी शुरू
इसके साथ ही ग्राम मदनपुर में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मौके पर ही 6 उपभोक्ताओं का पंजीयन किया गया। विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करें।
