रायपुर. पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के जरिए देशभर में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। थाना मुजगहन में दर्ज मामले में आरोपी जितेंद्र कुमार उर्फ राजीव को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी
गिरोह के सदस्य लोगों को फोन कर बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि दिलाने का झांसा देते थे। इसी तरह ग्राम कांदुल निवासी परमजीत सिंह चड्डा को 98.64 लाख रुपये मिलने का लालच दिया गया और प्रोसेसिंग फीस, टैक्स व अन्य शुल्क के नाम पर उनसे अलग-अलग किश्तों में ₹9,60,000 ठग लिए गए।
फर्जी दस्तावेज से बनाया शिकार
आरोपियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर फर्जी आरबीआई दस्तावेज और डीडी भेजे, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया। बाद में बैंक में जांच कराने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ कि यह ऑनलाइन ठगी थी।
पहले भी 3 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के आधार पर फरार मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही थी, जिसे अब दिल्ली से पकड़ लिया गया है।
अन्य राज्यों में भी फैला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार गिरोह देश के कई राज्यों में इसी तरीके से लोगों को ठग चुका है। आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
