Home » Blog » प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपए हुआ महंगा, इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमत 25% बढ़ी

प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपए हुआ महंगा, इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमत 25% बढ़ी

प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री कुल पेट्रोल का केवल 3-4%

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@दिल्ली. सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी 20 मार्च को स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें ₹2.09-₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़ा दी है। भोपाल में इसकी कीमत बढ़कर करीब 117 रुपए पहुंच गई है। सामान्य पेट्रोल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है। इसके अलावा इंडियन ऑयल ने अपने इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमत में भी 25% की बढ़ोतरी की है। इसके दाम ₹87.67 प्रति लीटर से बढ़कर अब ₹109.59 प्रति लीटर हो गए हैं।

भारत पेट्रोलियम यानी BPCL प्रीमियम पेट्रोल को स्पीड नाम से बेचता है। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम यानी HPCL इसे पावर और इंडियन ऑइल यानी IOCL XP95 के नाम से इसे बेचता है। ये सामान्य पेट्रोल के मुकाबले करीब 10-12 रुपए महंगा होता है।

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में क्यों हुई बढ़ोतरी?

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह पहले से ही 5 से 10 रुपए महंगा था।

पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चा तेल महंगा होने और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ने को माना जा रहा है। ईरान जंग की वजह से क्रूड ऑयल के इंडियन बास्केट के दाम 70 डॉलर से बढ़कर 156 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो सामान्य पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी बढ़ाई जा सकती हैं।

कुल पेट्रोल का केवल 3-4%

प्रीमियम फ्यूल की बिक्री कुल पेट्रोल बिक्री का एक छोटा हिस्सा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि प्रीमियम कैटेगरी के पेट्रोल में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह बेचे जाने वाले कुल पेट्रोल का केवल 3-4% ही है।

You may also like