भिलाई। होली पर्व से एक दिन पहले दुर्ग-भिलाई पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) विजय अग्रवाल स्वयं बाइक पर सवार होकर सुपेला थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पहुंचे। यह वही क्षेत्र हैं, जहां पूर्व में मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अचानक निरीक्षण से मचा हलचल
मंगलवार को हुए इस अचानक दौरे से क्षेत्र में हलचल मच गई। DIG अग्रवाल के सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव और बाज टीम के जवान मौजूद रहे। पुलिस टीम ने गलियों, बस्तियों और भीतरी मार्गों में घूम-घूमकर हालात का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुपेला के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार बाइक पेट्रोलिंग जारी रहेगी। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा दौरा
DIG का यह दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का संदेश साफ है। होली खुशियों का पर्व है, लेकिन यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो सीधे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। दुर्ग-भिलाई पुलिस ने त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक तैयारी कर ली है।
