Home » Blog » होली से पहले बसंतपुर पुलिस का एक्शन

होली से पहले बसंतपुर पुलिस का एक्शन

अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, कोचिया गिरफ्तार; असामाजिक तत्वों व फरार वारंटियों पर भी पुलिस की सख्ती

by cgprimenews.com
0 comments
होली से पहले बसंतपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते पुलिस टीम

राजनांदगांव। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बसंतपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वहीं असामाजिक तत्वों और लंबे समय से फरार गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया।

अवैध शराब कोचिया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान मुखबिर सूचना पर बायपास मोहरा क्षेत्र में रेड कार्रवाई की गई। यहां आरोपी मिलन निषाद (25 वर्ष), निवासी जोगीनगर, को अवैध रूप से शराब बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन एवं 10 पौवा देशी मसाला शराब सहित कुल 40 पौवा मदिरा जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

असमाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोहल्लों में हुड़दंग करने वाले चार असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भी धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।

फरार वारंटियों की गिरफ्तारी

विशेष अभियान के तहत लंबे समय से फरार चल रहे तीन गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में अभियान

यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में पुलिस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस की अपील

बसंतपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

You may also like