जशपुर। होली पर्व से पहले नशे के कारोबार पर सख्त प्रहार करते हुए जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना कुनकुरी पुलिस ने सघन वाहन जांच के दौरान मॉडिफाइड बोलेरो वाहन से 18.4 किलो गांजा जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग ₹9 लाख आंकी गई है, जबकि उपयोग में लिया गया वाहन करीब ₹14 लाख मूल्य का बताया गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप मध्यप्रदेश की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना कुनकुरी क्षेत्र में रात के समय सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो (एमपी 66 ZH 6806) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की बारीकी से जांच करने पर उसके नीचे बनाए गए मॉडिफाइड गुप्त चेंबर से 18.4 किलो गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से सिंगरौली ले जाई जा रही थी खेप
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा में रहने वाले उनके रिश्तेदार द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जिसे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने उक्त रिश्तेदार को भी आरोपी बनाते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में गोलारमन यादव (61), शिवराम यादव (26) और रामेश्वर यादव (30) शामिल हैं, जो सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के निवासी हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 45/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने वाहन, मोबाइल फोन एवं ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
सिटी कोतवाली में भी बड़ी जब्ती
इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने 28 फरवरी को किराये के मकान में छिपाकर रखे 24.840 किलो गांजा (कीमत ₹12.42 लाख) के साथ दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
