बलौदाबाजार. जिले में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दिनांक 27 फरवरी 2026 को थाना लवन परिसर में गुंडा बदमाशों एवं निगरानी बदमाशों की विशेष परेड आयोजित की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई, जिसमें असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त संदेश दिया गया।
29 बदमाशों को थाने बुलाकर दी गई सख्त हिदायत
कार्यक्रम के दौरान थाना लवन क्षेत्र में निवासरत कुल 29 बदमाशों को थाने बुलाया गया, जिनमें 05 निगरानी बदमाश एवं 24 गुंडा बदमाश शामिल रहे। एसडीओपी बलौदाबाजार सुश्री अपूर्वा क्षत्रिय एवं थाना प्रभारी निरीक्षक शशांक सिंह ने सभी को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या शांति भंग करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध शिकायत प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार में कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को शासन के नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द कायम रखने की समझाइश दी। साथ ही क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी एवं खुफिया तंत्र सक्रिय रखने की जानकारी भी दी गई। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि होली पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
