Home » Blog » निर्माण सामग्री चोरी का खुलासा

निर्माण सामग्री चोरी का खुलासा

बसंतपुर पुलिस ने 4 आरोपी गिरफ्तार, 35 बोरी सीमेंट व रॉड बरामद

by cgprimenews.com
0 comments
बसंतपुर पुलिस द्वारा चोरी की गई सीमेंट की बोरियां और रॉड बरामद करते हुए।

 बलरामपुर. थाना बसंतपुर पुलिस ने निर्माण कार्य स्थल से सीमेंट और लोहे की रॉड चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 35 बोरी सीमेंट, एक बंडल रॉड एवं घटना में प्रयुक्त दो महिंद्रा ट्रैक्टर जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत धारा 305, 331(4), 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

मजदूरों पर शक से खुला मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी जितेन्द्र कुमार सोनी (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 46 बौरीपारा अंबिकापुर, फूलीडूमर घाट क्षेत्र में साइड सोल्डर एवं वॉल निर्माण कार्य करा रहे थे। निर्माण स्थल पर अस्थायी मकान बनाकर सीमेंट एवं रॉड रखा गया था।

कार्य के दौरान 35 बोरी सीमेंट और एक बंडल रॉड कम मिलने पर प्रार्थी को वहां कार्यरत मजदूरों पर संदेह हुआ। शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आया पूरा घटनाक्रम

विवेचना के दौरान संदेही बालसाय एवं हरिचरण से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की सामग्री को कम कीमत पर सुनील कुमार एवं इन्द्रजीत सिंह को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सुनील कुमार और इन्द्रजीत सिंह के घर से चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली।

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की गई सामग्री को आरोपियों द्वारा अपने-अपने ट्रैक्टर से परिवहन किया गया था, जिसके आधार पर दो महिंद्रा ट्रैक्टर भी जब्त किए गए।

चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

गिरफ्तार आरोपियों में बालसाय (निवासी धौरपुर), हरिचरण (निवासी फूलीडूमर), सुनील कुमार (21 वर्ष, निवासी बसंतपुर) एवं इन्द्रजीत सिंह (30 वर्ष, निवासी कुन्दी, थाना बसंतपुर) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

You may also like