बिलासपुर. थाना कोनी में धान, चावल और नगदी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए कोनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। (Koni police arrest accused of stealing paddy, rice and cash)
कोनी थाना पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र सूर्यवंशी, निवासी घुटकू, ने 25 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 12:23 बजे उनकी माता के कमरे की छत पर टिन की आवाज सुनाई दी। जांच करने पर कमरे से 2 बोरी धान, 1 बोरी चावल तथा संदूक में रखी नगदी गायब मिली। दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था। महिला समूह के 20,000 रुपये भी चोरी होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले में त्वरित पतासाजी कर पुलिस ने संदेही अभय लास्कर (19 वर्ष), निवासी पंडरीपार घुटकू, थाना कोनी, को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर 02 बोरी धान, 01 बोरी चावल और 1500 रुपये नगद बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।
