Monday, April 13, 2026
Home » Blog » अंतरराज्यीय पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

अंतरराज्यीय पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

13 मवेशी, दो पिकअप और क्रेटा कार जब्त; पुलिस की सख्ती से तस्करी नेटवर्क पर प्रहार

by cgprimenews.com
0 comments
चलगली पुलिस द्वारा पशु तस्करी मामले में जब्त पिकअप वाहन और मवेशियों के साथ गिरफ्तार आरोपी।

बलरामपुर। जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चलगली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतरराज्यीय स्तर पर पशु तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 नग मवेशियों सहित दो पिकअप वाहन और एक क्रेटा कार जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को पशु तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

मुखबिर सूचना पर घेराबंदी, तस्कर गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को पशु तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 24-25 फरवरी की दरम्यानी रात थाना चलगली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केनापारा भगवानपुर क्षेत्र से मवेशियों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 4888 सहित एक अन्य वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहनों में 13 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर परिवहन करते पाया गया।

रेकी कर रहे आरोपी भी पकड़े गए

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार (CG04 LD 3949) को भी पकड़ा, जो तस्करी में शामिल वाहनों के लिए रास्ते की रेकी कर रही थी। पुलिस ने मौके से ऐनुलाह अंसारी (36 वर्ष, निवासी गढ़वा, झारखंड) और सूर्यजीत पटेल (25 वर्ष, निवासी सूरजपुर, छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11(1)(घ) तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील केरकेट्टा ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो लंबे समय से पशु तस्करी में सक्रिय था। इस कार्रवाई में प्र.आर. गौतम मरकाम, प्रदेश पैकरा, आरक्षक संजय जायसवाल, कृष्णा मरकाम, चमनू राम एवं सैनिक राजीय पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पशु तस्करी या किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

You may also like