भिलाई। भिलाई-तीन क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रायपुर की ओर जा रही बारूद से संबंधित सामग्री ले जा रही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक सर्विस रोड में उतर गई और उसके केबिन में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को अलर्ट किया, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
केबिन में घुसकर बुझाई आग
मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने देखा कि ट्रक क्रमांक TS 05 UB 2355 के केबिन में तेज आग भड़क रही थी। स्थिति अत्यंत जोखिमपूर्ण होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने साहस दिखाते हुए केबिन के अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से संभावित विस्फोट टल गया। राहत की बात यह रही कि ट्रक का टैंकर खाली था, जिससे किसी बड़ी जनहानि या भारी नुकसान की स्थिति नहीं बनी।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी विजय अग्रवाल के निर्देश पर छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा, भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी तथा जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अग्निशमन दल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
ट्रक जब्त, पुलिस जांच जारी
आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ट्रक को सुरक्षित निकालकर भिलाई-तीन थाना परिसर में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस साहसिक अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल, केशव यादव सहित पूरी टीम की सराहना की जा रही है, जिनकी तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
