Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » सुपेला में शराब के पैसे मांगकर मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

सुपेला में शराब के पैसे मांगकर मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, 24 घंटे के भीतर पुलिस की कार्रवाई

by cgprimenews.com
0 comments
सुपेला में मारपीट मामले के आरोपी को गिरफ्तार करती पुलिस

दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना भारतमाता चौक स्थित राजीव नगर इलाके की है, जहां आरोपी ने पैसे देने से मना करने पर प्रार्थी के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी तुलसीराम भारती (40 वर्ष), निवासी भारतमाता चौक राजीव नगर, 21 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे अरुण किराना दुकान के पास मंच के समीप बैठा था। इसी दौरान आरोपी प्रताप रात्रे वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा।

मना करने पर की मारपीट

प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाना सुपेला पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1) एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर घेराबंदी की और 24 घंटे के भीतर आरोपी प्रताप रात्रे (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में जुआ संबंधी प्रकरण में भी पंजीबद्ध आदतन अपराधी है। मामले में किसी प्रकार की जप्त सामग्री नहीं मिली है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध मांग, धमकी या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like