Saturday, July 18, 2026
Home » Blog » रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी, पांचों की मौत

रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी, पांचों की मौत

टिकरापारा के संजय नगर की घटना, कमरे से कीटनाशक का डिब्बा और खाने का सामान बरामद; 20 लाख के कर्ज और आर्थिक तंगी के एंगल से जांच

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी, पांचों की मौत

CG Prime News@रायपुर.छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दिया और इसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

बंद घर से आ रही थी बदबू, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम के बाद से परिवार का कोई सदस्य बाहर दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को भी पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा। देर रात पड़ोसियों को घर के अंदर से दुर्गंध आने लगी। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में शाहिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19) और दो बेटियों शाहिदा (17) तथा इरशाबा बेगम (16) के शव जमीन पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था।


रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी, पांचों की मौत

रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर लगाई फांसी, पांचों की मौत

कमरे से मिला कीटनाशक, जहर देने की आशंका

घटनास्थल से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा बरामद हुआ है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि परिवार के सदस्यों को खाने में जहर दिया गया, जिसके बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।

आर्थिक तंगी और 20 लाख के कर्ज की जांच

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शाहिद मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग और पुरानी बैटरियों के कारोबार से जुड़ा था। बताया जा रहा है कि उस पर लगभग 20 लाख रुपये का कर्ज था। बैंक की ईएमआई और निजी उधारी का दबाव लगातार बढ़ रहा था। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, कर्ज की वसूली के लिए लोग अक्सर घर पहुंचते थे, जिससे परिवार तनाव में रहता था। पुलिस इस आर्थिक दबाव को घटना के संभावित कारणों में से एक मानकर जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और मकान को सील कर दिया गया। शनिवार को फोरेंसिक विशेषज्ञों ने दोबारा मौके पर पहुंचकर नमूने एकत्र किए। पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम तथा फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may also like