रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली की महापौर शशि सिन्हा शहर के वार्डों में पहुंचकर विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का जमीनी फीडबैक ले रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार अल सुबह उन्होंने वार्ड क्रमांक 15 मौहारी मरोदा क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान नाली पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
नागरिकों से संवाद, फीडबैक के आधार पर बनेगी योजना
महापौर ने वार्ड भ्रमण के दौरान एमआईसी सदस्यों और निगम अधिकारियों के साथ क्षेत्र की साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर ही विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जाएगी, ताकि योजनाएं वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सकें।
नाली अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रजापति किराना स्टोर्स के पास नाली पर किए गए अतिक्रमण पर महापौर की नजर पड़ी। उन्होंने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल निकासी बाधित करने वाले अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, ताकि बारिश या गंदे पानी के जमाव की समस्या न हो।
सफाई व्यवस्था सुधारने पर जोर
महापौर ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी को जाम नालियों की प्राथमिकता से सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कहीं भी गंदे पानी का जमाव न हो, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
स्ट्रीट लाइट और बिजली खंभे को लेकर शिकायतें
भ्रमण के दौरान नागरिकों ने कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद रहने की समस्या बताई। लोगों ने कहा कि गली में अंधेरा रहने से असुरक्षा की स्थिति बनती है। महापौर ने शीघ्र लाइट लगाने का आश्वासन दिया। साथ ही रास्ते के बीच लगे बिजली खंभे को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण में महापौर परिषद सदस्य अनिल देशमुख, संजू नेताम, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी अमित चंद्राकर, राजस्व विभाग प्रभारी योगेश सुरे एवं जलकार्य विभाग के गोपाल सिन्हा सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
