Wednesday, May 27, 2026
Home » Blog » फतेहशाह मार्केट में गुंडागर्दी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

फतेहशाह मार्केट में गुंडागर्दी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

दुकानदारों से जबरन वसूली और मारपीट करने पर कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

by cgprimenews.com
0 comments
फतेहशाह मार्केट में गुंडागर्दी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करती कोतवाली पुलिस।

रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने फतेहशाह मार्केट क्षेत्र में गुंडागर्दी कर दुकानदारों से जबरन पैसे मांगने वाले एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

नशे के लिए दुकानदारों से करता था वसूली

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी वसीम खान उर्फ मम्मा, निवासी चांदनी चौक नेहरू नगर, 18 फरवरी को फतेहशाह मार्केट पहुंचकर दुकानदारों से नशा करने के लिए जबरन पैसे की मांग कर रहा था। जब दुकानदारों ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 68/26 के तहत धारा 296, 119(1), 115(2) एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व से गुंडा हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कुल 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सिटी कोतवाली, टिकरापारा, तेलीबांधा और सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर गुंडागर्दी, नशाखोरी और आम नागरिकों को भयभीत करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like