दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹3,75,000 बताया गया है।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
दिनांक 18 फरवरी 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु अभियान चला रही थी। इसी दौरान आईटीआई ग्राउंड, खुर्सीपार के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा गांजा बेचने की सूचना मिली। सूचना पर एसीसीयू और थाना खुर्सीपार की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेहियों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 7 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में एक महिला की संलिप्तता सामने आई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सेंडे (26 वर्ष), प्रशांत कुमार उर्फ शांतु राजपूत (30 वर्ष) एवं एन. पूजा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
