महासमुंद। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से प्रारंभ की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” लगातार प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी शराब कोचिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई
दिनांक 05 फरवरी 2026 को समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर पर अवैध शराब परिवहन और बिक्री से संबंधित सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चौकी बया की पुलिस टीम सक्रिय हुई और ग्राम बया–मेटकुला रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर अवैध रूप से शराब ले जाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
शराब और स्कूटी की गई जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 5.400 बल्क लीटर अंग्रेजी गोवा एवं देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2760 बताई गई है। इसके साथ ही अवैध रूप से शराब परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी वाहन भी जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपेश निषाद (उम्र 48 वर्ष) निवासी लामीनपुर वार्ड नंबर 10, मिडिल स्कूल के पास, महासमुंद, वर्तमान निवासी बगदेवापारा, पिथौरा जिला महासमुंद के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
समाधान सेल बना अपराध नियंत्रण का प्रभावी माध्यम
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 के माध्यम से आम नागरिक व्हाट्सएप या कॉल कर किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी दे सकते हैं। नागरिकों की सहभागिता से अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
