Saturday, September 19, 2026
Home » Blog » बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु, तेज बारिश के बाद बढ़े नाले के पानी में बह गई कार, हादसे के बाद चक्काजाम और बाजार बंद

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

CG Prime News@आगर-मालवा. Car swept away in monsoon stream in Madhya Pradesh; eight dead. मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में बड़ा हादसा हो गया। मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बहने से 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। इनमें सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार चालक अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ौद का निवासी था।

रात करीब 3 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे और उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर ली थी। रात में हुई तेज बारिश के बाद बरसाती नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव में कार पुलिया से करीब 100 मीटर दूर तक बह गई। सुबह पानी कम होने के बाद कार की छत दिखाई दी। स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पुलिस और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची। SDRF की मदद से कार को बाहर निकाला गया। सभी शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। शुरुआती जांच में मौत की वजह डूबना सामने आई है।

बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत


छह मृतकों की पहचान

SP दिलीप कुमार सोनी के अनुसार ड्राइवर अरुण गोयल समेत छह मृतकों की पहचान हो चुकी है। इनमें राधा रानी बहेरा, ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा, रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा, कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बहेरा और शिवप्रसाद बहेरा शामिल हैं। दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

3.7 इंच बारिश के बाद बढ़ा पानी

नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। रात में तेज बारिश के चलते नाले का जलस्तर और बहाव बढ़ गया था। इसी दौरान कार पानी की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद लोगों का विरोध

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। विरोध में बाजार की दुकानें भी बंद रहीं। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी और एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान किया गया है।

You may also like