दुर्ग | जिले में 06 फरवरी 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सम्मेलन के मद्देनज़र विशेष यातायात डायवर्शन प्लान लागू किया गया है। सम्मेलन के दौरान दुर्ग शहर में वीवीआईपी एवं वीआईपी मूवमेंट रहेगा। ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 06 फरवरी 2026 को सम्मेलन अवधि के दौरान दुर्ग शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध शहर में ट्रैफिक जाम से बचाव और वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारू बनाए रखने के लिए लगाया गया है।
छोटे वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस द्वारा छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं—
-
ग्रीन चौक दुर्ग से राजनांदगांव जाने वाले वाहन अग्रसेन चौक, इंदिरा मार्केट, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, राजेन्द्र पार्क–चर्च गेट, चौपाटी टर्निंग, उतई तिराहा, जेल रोड, महाराजा चौक होकर आवागमन करेंगे।
-
सेक्टर क्षेत्र से दुर्ग शहर में प्रवेश करने वाले वाहन ठगड़ा बंध पुल, जेल तिराहा, समृद्धि मार्केट, साईं द्वार, राजेन्द्र पार्क मार्ग का उपयोग करेंगे।
-
Y शेप ब्रिज दुर्ग से पुलगांव की ओर जाने वाले वाहन मालवीय नगर, राजेन्द्र प्रसाद चौक, चर्च चौपाटी टर्न, साईं द्वार, कासिरिडीह, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पद्मनाभपुर मार्ग से जाएंगे।
बसों के लिए रूट व पार्किंग व्यवस्था
बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—
-
रायपुर, बेमेतरा, कवर्धा, गंडई, सलहेवारा, रेंगाखार जाने वाली बसें धमधा ओवरब्रिज के पहले गंज मंडी स्थित FCI गोदाम में पार्क होंगी।
-
राजनांदगांव, खैरागढ़, बालोद, डोंगरगढ़, दल्लीराजहरा, धमतरी, अर्जुंदा मार्ग की बसें पुलिस लाइन दुर्ग–गंजपारा में पार्क होंगी।
-
पाटन, रानीतरई, धमतरी जाने वाली बसें महिला समृद्धि बाजार, सिविल लाइन दुर्ग के सामने पार्क की जाएंगी।
पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे डायवर्शन मार्गों, बस पार्किंग और पुलिस निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें।
