Thursday, February 5, 2026
Home » Blog » आबादी भूमि पर काबिज हितग्राहियों को मिलेगा पीएम आवास का लाभ

आबादी भूमि पर काबिज हितग्राहियों को मिलेगा पीएम आवास का लाभ

भिलाई नगर निगम क्षेत्र में पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत सर्वे शुरू

by cgprimenews.com
0 comments
नेवई थाना अंतर्गत 13 वर्षीय छात्रा के साथ गैंग रेप की वारदात

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के तहत नगर पालिक निगम भिलाई के अंतर्गत आबादी भूमि पर काबिज पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के बीएलसी (बेनिफिशियरी लेड कंस्ट्रक्शन) घटक का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए 31 अगस्त 2024 के पूर्व से आबादी भूमि पर निवासरत हितग्राहियों को योजना में शामिल किया जाएगा।

वार्डवार सर्वे के आधार पर बनेगा नया डीपीआर

शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार बीएलसी घटक के नवीन डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) में सम्मिलित करने से पूर्व निर्धारित प्रारूप में आवेदन लेकर वार्डवार सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वे के दौरान आवास की स्थिति, भूमि कब्जे की अवधि एवं पात्रता की जांच की जाएगी। इसके बाद निरीक्षण प्रतिवेदन निगम की परीक्षण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

आयुक्त के निर्देश पर गठित हुआ सर्वे दल

नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय द्वारा शासन से प्राप्त आदेश के परिपालन में आबादी भूमि के सर्वेक्षण हेतु अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष दल गठित किया गया है, जो विभिन्न जोनों में सर्वे कार्य करेगा।

जोन-1 में इन क्षेत्रों का होगा सर्वे

जोन-1 नेहरू नगर अंतर्गत खम्हरिया, विनोभा नगर जुनवानी, पुरानी बस्ती कोहका एवं सुपेला क्षेत्र में सर्वेक्षण का दायित्व उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा, रीमा जामुलकर, बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी तथा वरिष्ठ कर्मचारी संजीव तिवारी, भाईजी बघेल, निरंजन असाटी एवं विनोद शुक्ला को सौंपा गया है।

जोन-2 में कुरूद बस्ती का सर्वे

जोन-2 वैशाली नगर अंतर्गत कुरूद बस्ती क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य हेतु उप अभियंता चंदन निर्मल, सहायक राजस्व अधिकारी प्रसन्न कुमार तिवारी तथा वरिष्ठ कर्मचारी मदन मोहन तिवारी एवं सुरेश कुलदीप की ड्यूटी लगाई गई है।

पात्र हितग्राहियों को मिलेगा पक्का मकान

सर्वे पूर्ण होने के बाद पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें सुरक्षित और पक्का आवास मिल सकेगा।

You may also like