Thursday, April 2, 2026
Home » Blog » शुष्क दिवस पर दुर्ग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 38 आरोपी गिरफ्तार

शुष्क दिवस पर दुर्ग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 38 आरोपी गिरफ्तार

26 जनवरी को ऑपरेशन “विश्वास” के तहत 600 से अधिक पौवा अवैध शराब जप्त

by cgprimenews.com
0 comments
शुष्क दिवस पर दुर्ग पुलिस द्वारा जप्त की गई अवैध शराब

राष्ट्रीय पर्व पर अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान

दुर्ग | राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को घोषित शुष्क दिवस के दौरान दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया गया। “ऑपरेशन विश्वास” के तहत की गई इस कार्रवाई में दुर्ग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 38 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

600 से अधिक पौवा शराब व बिक्री रकम जप्त

दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान शुष्क दिवस पर बिक्री हेतु संग्रहित की गई अवैध शराब की बड़ी खेप जप्त की गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से कुल 610 पौवा अवैध शराब एवं बिक्री की रकम जप्त की गई, जिसकी कुल कीमत 65 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान उतई से 3 आरोपियों से 162 पौवा, कुम्हारी से 4 आरोपियों से 123 पौवा, दुर्ग से 2 आरोपियों से 65 पौवा, पुरानी भिलाई से 3 आरोपियों से 171 पौवा, भिलाई नगर से 1 आरोपी से 53 पौवा तथा अमलेश्वर से 1 आरोपी से 36 पौवा अवैध शराब जप्त की गई।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों पर भी कार्रवाई

इसी क्रम में सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करने एवं अड्डेबाजी करने वालों के विरुद्ध भी पृथक से अभियान चलाया गया। इस दौरान सुपेला से 9, धमधा एवं पुलगांव से 4-4, पुरानी भिलाई एवं छावनी से 3-3 तथा नंदिनी नगर से 1 आरोपी सहित कुल 24 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान

यह संपूर्ण कार्रवाई राजपत्रित अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा उनके बल की तैनाती के साथ की गई। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

You may also like