रायगढ़। Youth arrested on charges of luring a married woman into a romantic trap and holding her captive. चक्रधरनगर पुलिस ने एक विवाहिता युवती को कथित तौर पर अपने साथ ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर रखने और बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांगने के मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अजरूदीन अली उर्फ अज्जू, निवासी मौदहापारा, जूटमिल थाना क्षेत्र, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मीना बाजार में हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक युवती की मुलाकात 1 सितंबर को सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेले में आरोपी से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि युवक युवती पर रायपुर चलने और वहां होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा।
रायपुर से रायगढ़ तक साथ ले जाने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती को रायपुर के एक होटल में रखा गया। युवती के अनुसार वहां से बाहर निकलने को लेकर भी उस पर रोक लगाई गई। इसके बाद 13 सितंबर को वह किसी तरह ट्रेन से रायगढ़ पहुंची। आरोप है कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन से युवक उसे अपने साथ ले गया और एक होटल में रखा। इसके बाद युवती के घर जाने की इच्छा जताने पर उसे अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में ले जाया गया। युवती ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसे वहां भी बाहर जाने नहीं दिया गया।

फोटो वायरल करने की धमकी देकर ₹50 हजार मांगने का आरोप
युवती के अनुसार आरोपी ने मीना बाजार में खींची गई उसकी तस्वीरों और उसके साथ रहने की बात को सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही आरोपी ने कथित तौर पर उस पर खर्च हुए पैसे वापस करने की बात कहते हुए ₹50 हजार की मांग की।
तकनीकी साक्ष्य से पुलिस को मिली लोकेशन
युवती के लापता होने की शिकायत उसकी मां ने 5 सितंबर को चक्रधरनगर थाने में दर्ज कराई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत BNS की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिले इनपुट के आधार पर युवती की तलाश की। इसी क्रम में 16 सितंबर को अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान में दबिश दी गई। यहां से युवती को सकुशल बरामद किया गया और आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल की भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, धमकी देने या ब्लैकमेल करने जैसी शिकायतों पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी।
