Wednesday, May 27, 2026
Home » Blog » दुर्ग जिले में सेना के जवान से बदसलूकी, SSP ने किया 2 कांस्टेबल को सस्पेंड

दुर्ग जिले में सेना के जवान से बदसलूकी, SSP ने किया 2 कांस्टेबल को सस्पेंड

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News @दुर्ग. दुर्ग जिले के मचांदूर गांव में सेना के अग्निवीर जवान के साथ बदसलूकी करने वाले 2 पुलिसकर्मियों को दुर्ग SSP विजय अग्रवाल ने सस्पेंड कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार आरक्षक महेश देवांगन और रामकृष्ण दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों उतई थाना में पदस्थ थे।

यह है पूरा मामला

दरअसल 3 सितंबर को जवान कौशल निषाद द्वारा अपने घर की छत पर भगवा झंडा फहराया जा रहा था। तभी मचांदूर चौकी के दो आरक्षकों ने उन्हें झंडा लगाने से मना किया और उनके साथ गाली-गलौज भी की। सेना के अग्निवीर जवान कौशल निषाद का आरोप है कि यह सब गांव के ही मुस्लिम समुदाय के दबाव में पुलिस द्वारा जानबूझकर कराया गया है। इस घटना की शिकायत उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से की थी।

BJYM अध्यक्ष पहुंचे थे घर

बजरंग दल द्वारा सूचना दिए जाने के बाद भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मचांदूर गांव पहुंचे थे। उन्होंने कौशल निषाद और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी भय के अपने घर में झंडा फहरा सकते हैं और भाजयुमो उनके साथ खड़ा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कौशल निषाद के घर को भगवा ध्वजों से ढक दिया और घर के सामने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया था।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने लहराया भगवा ध्वज

विवाद सामने आने के बाद भाजयुमो के सैकड़ों कार्यकर्ता सेना के जवान कौशल निषाद के घर पहुंचे और घर की छत पर कई भगवा ध्वज फहराकर पीडि़त परिवार के साथ खड़े होने का आश्वासन दिया था। वहीं किसी भी तरह का तनावपूर्ण माहौल न बने इसके लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

जवान की मां बोली-पुलिस कर्मियों को करो बर्खास्त

पीडि़त पक्ष की ओर से जवान कौशल निषाद की मां, नेहा निषाद ने कहा था कि उन्होंने अपने बेटे को भारत माता को समर्पित किया है, जो बॉर्डर पर देश के दुश्मनों से लोहा ले रहा है। लेकिन दुख की बात है कि उसी के अपने गांव में पुलिसकर्मियों द्वारा उसके साथ बदसलूकी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त नहीं किया जाएगा वे शांत नहीं बैठेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांव में मुस्लिम समुदाय द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं जिनकी जांच कर कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने अपनी जान को खतरे में बताया है।

You may also like