दुर्ग। थाना कुम्हारी क्षेत्र में जनवरी माह में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में दुर्ग पुलिस ने व्यापक जांच के बाद हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा गठित पांच विशेष टीमों ने लगातार फील्ड जांच, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के जरिए मामले का सफल खुलासा किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई जारी है।
खेत में मिला था अज्ञात महिला का शव
पुलिस के अनुसार 17 जनवरी 2026 को केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा व साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु गला दबाकर हत्या करना प्रमाणित हुआ। इसके बाद थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 58/2026 दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की गई।
पांच विशेष टीमों ने की बहुआयामी जांच
महिला की पहचान और आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई तथा आसपास के गांवों और क्षेत्रों में फोटो दिखाकर पहचान का प्रयास किया गया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के 100 घंटे से अधिक फुटेज का विश्लेषण किया गया। साथ ही लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की तकनीकी जांच कर संदिग्धों की गतिविधियों का मिलान किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार सुबह से देर रात तक फील्ड वेरिफिकेशन और तकनीकी समन्वय के जरिए जांच आगे बढ़ाई।
दुष्कर्म के प्रयास के दौरान की हत्या
साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 28 फरवरी 2026 को महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (22 वर्ष), निवासी राम नगर बजरंग चौक कुम्हारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने महिला को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने तथा विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी से घटना से संबंधित चप्पल, घटना के दिन पहना शर्ट, टूटा बटन, ए-वन पाउच और पानी की बोतल जब्त की है। मामले के खुलासे में थाना कुम्हारी पुलिस, साइबर सेल एवं विशेष जांच टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग police ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
