Home » Blog » राजनांदगांव में ट्रैफिक पुलिस की पहल, 87 चालकों का नेत्र परीक्षण

राजनांदगांव में ट्रैफिक पुलिस की पहल, 87 चालकों का नेत्र परीक्षण

महावीर चौक पर वाहन चालकों का स्वास्थ्य जांच एवं यातायात जागरूकता अभियान

by cgprimenews.com
0 comments
महावीर चौक, राजनांदगांव में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में वाहन चालकों की जांच करते यातायात पुलिस अधिकारी

राजनांदगांव। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के आठवें दिन राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा शहर के महावीर चौक में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य वाहन चालकों की दृष्टि की जांच कर सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना था।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिविर का नेतृत्व यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप ने किया। राजनांदगांव के धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय उद्याचल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में डॉक्टर नीरज साहू, सहायक मीरा रावटे, केसरी साहू, प्रियंका सिन्हा, एवं एम्बुलेंस चालक राजेश जॉन की टीम द्वारा कुल 87 वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया।

यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आम नागरिकों को पाम्फलेट और पोस्टर के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल या पीड़ित व्यक्तियों को शासन द्वारा दी जाने वाली मुआवजा योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।

भविष्य में जारी रहेगा अभियान

पुलिस प्रशासन ने बताया कि यातायात रथ और अन्य माध्यमों से शहर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षित वाहन चलाने की आदत विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

यातायात पुलिस की अपील

  • दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें
  • चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें
  • दुपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाएं
  • वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें
  • तेज गति और नशे की हालत में वाहन न चलाएं

You may also like