Home » Blog » सड़क सुरक्षा माह में ग्रामीण इलाकों में यातायात जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा माह में ग्रामीण इलाकों में यातायात जागरूकता अभियान

राजनांदगांव यातायात पुलिस ने गांव-गांव जाकर हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग का दिया संदेश

by cgprimenews.com
0 comments
ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों की जानकारी देती राजनांदगांव यातायात पुलिस

ग्रामीण क्षेत्रों में चला जनजागरूकता अभियान

राजनांदगांव। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। दिनांक 15.01.2026 को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।

गांव-गांव पहुंची यातायात पुलिस

अभियान के दौरान सिंघि‍ंघोला, कमरतरा, सुखरी, जंगलपुर सहित शहर के नंदई चौक में यातायात पुलिस ने आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, तीन सवारी न चलने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

नियम तोड़ने पर कार्रवाई की दी जानकारी

यातायात पुलिस द्वारा नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई एवं सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लोगों को सुरक्षित गति से वाहन चलाने और मोबाइल फोन का उपयोग न करने की भी समझाइश दी गई।

लगभग 1000 लोग हुए लाभान्वित

इस जागरूकता कार्यक्रम में सउनि येनलाल चन्द्राकर, कुंजलाल साहू एवं शरद मसीह का विशेष योगदान रहा। अभियान के माध्यम से लगभग 1000 नागरिकों को यातायात सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

यातायात पुलिस की अपील

राजनांदगांव यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी एवं परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें। यातायात जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

You may also like