दुर्ग | जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कुम्हारी, थाना पुरानी भिलाई एवं ACCU पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त 2 महिलाओं सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 26 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिमतारा एवं थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर व बजरंगपारा के आसपास कुछ व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश दी गई।
352 पौवा शराब जब्त
दबिश के दौरान ग्राम लिमतारा में अलग-अलग स्थानों से आरोपियों के कब्जे से देशी मसाला शराब की बड़ी मात्रा बरामद की गई। वहीं पुरानी भिलाई क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर व बजरंगपारा से भी अवैध शराब जप्त की गई। कुल मिलाकर 352 पौवा अवैध शराब, जिसकी कुल मात्रा लगभग 63.36 लीटर है, जब्त की गई। जब्त मशरूका का अनुमानित बाजार मूल्य ₹35,600 बताया गया है। कार्रवाई के दौरान एक साइकिल भी जप्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 36/26, 37/26, 38/26 एवं थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 58/26, 59/26 कायम कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रंजीत शिवारे, गंगाप्रसाद सिवारे, चंद्रहास, मीना सिवारे, दिनेश पाल उर्फ दीनू, रामप्रकाश चौबे एवं ममता भारती शामिल हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
