मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जुनवानी स्थित स्पा सेंटर में अवैधानिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर से कई लोग मिले। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका सामने आने का दावा
पुलिस के मुताबिक जांच में स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी द्वारा ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने और हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से महिलाओं/लड़कियों को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों से संपर्क कर कथित अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी।
19 मोबाइल और नकदी सहित सामग्री जब्त
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नकद, ग्राहकों और कथित देह व्यापार के लिए आने वाले लोगों से संबंधित जानकारी वाली सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री तथा अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) शामिल हैं।
इन धाराओं के तहत कार्रवाई
स्मृतिनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी स्पा सेंटर, होटल या अन्य संस्थान में किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
