सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान
दुर्ग | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग एवं दिशा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भिलाई नगर के सेक्टर-8 चौक में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के महत्व से अवगत कराना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जिम्मेदार यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।
बैनर-पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से दी गई जानकारी
अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं दिशा फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा बैनर, पोस्टर एवं पंपलेट के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों पर विशेष जोर दिया गया।
नियम तोड़ने वालों को दी गई समझाइश
मौके पर यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों को रोकर उन्हें नियमों के दुष्परिणामों, संभावित सड़क दुर्घटनाओं एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश देकर भविष्य में नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।
सामूहिक जिम्मेदारी पर दिया गया संदेश
यातायात पुलिस दुर्ग ने दिशा फाउंडेशन के सहयोग से यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदतों में शामिल करने का आह्वान किया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
