
CG Prime News@भिलाई. Bhilai Steel plant iron stolen case भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में सामने आए करोड़ों रुपये के कथित स्क्रैप चोरी प्रकरण के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सीआईएसएफ भिलाई के DIG आईपीएस नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का तबादला दिल्ली मुख्यालय कर दिया गया है। इस आदेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
2009 बैच के IPS अधिकारी हैं नागेंद्र नाथ त्रिपाठी
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी वर्ष 2009 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। वे प्रतिनियुक्ति पर CISF में डीआईजी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए दिल्ली मुख्यालय भेजा गया है।
चंदन कुमार झा को मिल सकती है भिलाई यूनिट की कमान
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी एवं बोकारो के पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा की भिलाई सीआईएसएफ में डीआईजी पद पर पदस्थापना हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, वे जल्द ही भिलाई यूनिट का कार्यभार संभाल सकते हैं। माना जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

अन्य अधिकारियों के भी हुए तबादले
प्रशासनिक फेरबदल के तहत भिलाई स्टील प्लांट में पदस्थ उप कमांडेंट निधि सिंह का तबादला केओपीए, कोलकाता इकाई में किया गया है। वहीं, सेल के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में तैनात डीआईजी एल.के. हाकिप को कोलकाता एयरपोर्ट स्थानांतरित किया गया है।
उनकी जगह नागपुर एयरपोर्ट में सीनियर कमांडेंट के रूप में कार्यरत दिलीप कुमार को पदोन्नति देकर डीआईजी बनाया गया है। अब वे इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
स्क्रैप चोरी मामले के बाद बढ़ी सुरक्षा पर नजर
भिलाई स्टील प्लांट में हाल ही में सामने आए करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी प्रकरण के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में किए गए इन प्रशासनिक बदलावों को सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों के तबादले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय या सीआईएसएफ की ओर से विस्तृत आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
