कबीरधाम | जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 25 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक पिकअप वाहन समेत दो आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (भापुसे) के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर झलमला पुलिस की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संजय ध्रुव के निर्देशानुसार थाना झलमला क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई थी। इसी दौरान दिनांक 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक जे.एल. शांडिल्य एवं पुलिस स्टाफ ने पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 CG 4882 को रोककर जांच की।
25 क्विंटल धान और वाहन जब्त
जांच के दौरान वाहन में सवार
-
निखिल अग्रवाल (22 वर्ष), निवासी ग्राम रेंगाखार
-
मानिकराम यादव (43 वर्ष), निवासी ग्राम चिल्फी
द्वारा धान परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर कुल 70 बोरी धान (लगभग 25 क्विंटल) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 77,500 रुपये बताई गई है। साथ ही पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये है। कुल जप्त सामग्री की कीमत 2,77,500 रुपये आंकी गई है।
बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई
पुलिस ने अवैध धान परिवहन के मामले में इस्तगाशा क्रमांक 01/2026 दर्ज कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। जप्तशुदा धान और वाहन को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए एसडीएम न्यायालय बोड़ला में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस की चेतावनी
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान खरीदी और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
