Wednesday, February 11, 2026
Home » Blog » गणतंत्र दिवस 2026: सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस की सघन व्यापक चेकिंग

गणतंत्र दिवस 2026: सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस की सघन व्यापक चेकिंग

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों व जिले की सीमाओं पर बढ़ाई गई सतर्कता

by cgprimenews.com
0 comments
गणतंत्र दिवस 2026 को लेकर दुर्ग-भिलाई में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बीडीएस व डॉग स्क्वाड द्वारा की जा रही सुरक्षा जांच।

संवेदनशील स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

दुर्ग | गणतंत्र दिवस 2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में सघन एवं व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दुर्ग-भिलाई के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, भीड़-भाड़ वाले बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई।

बीडीएस, एण्टी सेबोटाज व डॉग स्क्वाड तैनात

सुरक्षा व्यवस्था के तहत बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड), एण्टी सेबोटाज टीम एवं डॉग स्क्वाड द्वारा रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड परिसरों में प्रतिक्षालयों, यात्रियों के सामान, गोदामों तथा आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी तस्दीक की गई।

भीड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी

गणतंत्र दिवस को देखते हुए बाजारों एवं अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस जवानों द्वारा लगातार गश्त करते हुए आम नागरिकों से सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी

इसी क्रम में दुर्ग जिले की सीमाओं से लगे सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर नाकेबंदी की गई है। नाकेबंदी के दौरान वाहनों की लगातार एवं सूक्ष्मता से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क

दुर्ग पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

You may also like