Home » Blog » 41 टन लोहे से भरा ट्रेलर चोरी, हेल्पर पकड़ा

41 टन लोहे से भरा ट्रेलर चोरी, हेल्पर पकड़ा

रायगढ़–सक्ती पुलिस की नाकेबंदी में पकड़ा गया अपचारी बालक, 60 लाख की संपत्ति बरामद

by cgprimenews.com
0 comments
पुलिस द्वारा बरामद किया गया चोरी का ट्रेलर और लोहे का एंगल

रायगढ़. जिले में ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ लिया। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की सख्त नाकेबंदी के दौरान आरोपी को ट्रेलर सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी गए ट्रेलर और उसमें लोड लोहे का एंगल समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली है। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

ड्राइवर के जाने पर लेकर भागा ट्रेलर

जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक धरमराज जाट निवासी अजमेर (राजस्थान) ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और करीब 8-9 दिनों से एक किशोर उसके साथ हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। 5 मार्च को वह हेल्पर के साथ जेएसपीएल रायगढ़ पहुंचा, जहां ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल लोड कराया गया। 7 मार्च की शाम को जिंदल गेट के बाहर ट्रेलर खड़ा कर ड्राइवर कागजात जांच कराने गया था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर ट्रेलर गायब मिला और हेल्पर का मोबाइल भी बंद था। इस पर चालक ने ट्रेलर और लोहे के एंगल समेत करीब 60 लाख रुपये की चोरी की आशंका जताई।

नाकेबंदी में सक्ती में पकड़ा गया ट्रेलर

मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल जिले में नाकेबंदी कर सीमावर्ती जिलों को भी सूचना दी। चेकिंग के दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर पकड़ा और इसकी सूचना थाना कोतरारोड़ पुलिस को दी। थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपी को हिरासत में लेकर ट्रेलर तथा उसमें लोड लोहे का एंगल जप्त कर लिया।

पूछताछ में स्वीकार की चोरी

पुलिस पूछताछ में विधि के साथ संघर्षरत बालक ने ट्रेलर चोरी की घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना कोतरारोड़ पुलिस और सक्ती यातायात पुलिस की अहम भूमिका रही।

You may also like