Home » Blog » छत्तीसगढ़ में गर्मियों की छुट्टियां बढऩे की अटकलों पर विराम, 16 जून से खुलेगा स्कूल

छत्तीसगढ़ में गर्मियों की छुट्टियां बढऩे की अटकलों पर विराम, 16 जून से खुलेगा स्कूल

सभी स्कूलों में मनेगा एडमिशन फेस्ट

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ में गर्मियों की छुट्टियां बढऩे की अटकलों पर विराम, 16 जून से खुलेगा स्कूल

CG Prime News@रायपुर. Schools in Chhattisgarh will open from June 16 छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियां बढऩे की अटकलों पर विराम लग गया है। मानसून की दस्तक के साथ ही अब प्रदेश में सभी स्कूल तय समय यानी 16 जून से ही खुलेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 16 जून 2026 से पढ़ाई शुरू होगी।

सभी स्कूलों में मनेगा एडमिशन फेस्ट

स्कूल खुलने के साथ ही एडमिशन फेस्ट मनाया जाएगा। तिलक लगाकर बच्चों का स्वागत किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों को फ्री किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिल बांटी जाएगी। बोर्ड और स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स का सम्मान किया जाएगा। वहीं प्राइवेट स्कूलों को तय शेड्यूल के अनुसार फ्री किताबें दी जाएगी। किताबों का वितरण 12 डिपो (6 स्थायी और 6 अस्थायी) के जरिए किया जाएगा।

15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित था

आदेश के मुताबिक, प्रदेश में 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था। छुट्टियां खत्म होने के बाद नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन 16 जून से शुरू किया जाएगा। इससे पहले गर्मी के कारण स्कूल खुलने में देरी की अटकलें लगाई जा रही थी।

प्राइवेट स्कूलों को तय शेड्यूल के अनुसार मिलेंगी फ्री किताबें

नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के गैर अनुदान प्राप्त प्राइवेट स्कूलों को कक्षा 1 से 10वीं तक की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की मुफ्त पाठ्यपुस्तकें तय कार्यक्रम के अनुसार दी जाएंगी। छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम ने इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर वितरण योजना तैयार की है।

निगम के अनुसार, किताबों का वितरण 12 डिपो (6 स्थायी और 6 अस्थायी) के माध्यम से किया जाएगा। स्कूलों को निर्धारित तारीख पर अपने प्रतिनिधि को भेजकर किताबें लेनी होंगी। यदि कोई स्कूल तय दिन नहीं पहुंच पाता है, तो उसे बाद में भी किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा

16 जून से शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को इसकी तैयारी के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। विभाग का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा बच्चों का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित करना, पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को वापस स्कूल से जोड़ना और बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना है।

निर्देशों के अनुसार, स्कूल खुलने से पहले परिसर, कक्षाओं और भवनों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा। शाला प्रवेश उत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, पोस्टर, रैली और मुनादी का उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समितियों और अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

 


You may also like