Home » Blog » सेफ होली के लिए दुर्ग पुलिस का सख्त पहरा

सेफ होली के लिए दुर्ग पुलिस का सख्त पहरा

900 जवान तैनात, 73 पेट्रोलिंग पार्टियां और 30 ‘बाज’ बाइक दस्ते अलर्ट मोड में

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग पुलिस द्वारा होली सुरक्षा व्यवस्था के तहत निकाला गया फ्लैग मार्च और तैनात पुलिस बल।

दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दुर्ग जिला पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू करते हुए असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग या नियम उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिले को 10 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे जिले को 10 अनुविभागों में विभाजित कर लगभग 900 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। लगातार निगरानी के लिए 73 पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं। वहीं तंग गलियों, बस्तियों और संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु 30 विशेष ‘बाज’ मोटरसाइकिल दस्ते तैनात किए गए हैं। जिले के 139 संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर फिक्स प्वाइंट लगाकर पुलिस बल मुस्तैद किया गया है।

नाकेबंदी और सघन जांच अभियान

होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तीन सवारी, नाबालिग ड्राइविंग, अवैध मादक पदार्थ एवं हथियारों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए 25 प्रमुख स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन जांच की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल जप्ती और दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

शांति समिति बैठकों से बढ़ाया समन्वय

जिले के सभी थाना एवं चौकियों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, समाज प्रमुखों, ग्राम सरपंचों और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की गई। बैठकों में आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से बचने पर विशेष जोर दिया गया।

फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश

कलेक्टर अभिजीत सिंह और डीआईजी विजय अग्रवाल की उपस्थिति में 2 मार्च 2026 को दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 से शुरू हुआ मार्च प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते हुए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर शांति और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में 112 या 9479192099 नंबर पर तुरंत सूचना दें।

You may also like